जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। हमेशा से संवेदनशील कहा जाने वाला बारादरी का जोगी नवादा क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार को बारादरी के जोगी नवादा क्षेत्र में शाहनूरी मस्जिद के पास से कांवरियों का एक जत्था गुजर रहा था। बताया जाता है कि उस जत्थे के ऊपर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया हैं।


पथराव के बाद कांवरियों ने जमकर हंगामा कर दिया। भारी तादाद में कावरिए बाबा बनखंडी नाथ मंदिर के पास इकट्ठे हो गए हैं। वही कांवरियों का आरोप है कि पूर्व पार्षद के इशारे पर कांवरियों के जत्थे पर पथराव किया गया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर स्थानीय मार्केट को बंद करा दिया है। वही पथराव का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें पुलिस के सामने पथराव करते हुए कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में भारी मात्रा में सड़क पर ईंट और पत्थर भी पढ़े हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। कांवरियों को समझा-बुझाकर शांत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।