जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। जोगी नवादा में कावड़ यात्रा गुजरने को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। रविवार को कांवड़िया इसी विवादित इलाके से कांवड़ निकालने पर अड़े थे, जबकि दूसरे समुदाय के लोग नई परंपरा बताकर जत्था और उसके साथ डीजे ले जाने का विरोध कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए मौके पर आरएएफ और पुलिस तैनात कर दी गई। डीएम और एसएसपी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों से वार्ता की गई। इसके बाद कावड़ियों से डीजे बंद करके जत्था निकालने को कहा गया तो कांवड़ियों के साथ भीड़ में शामिल हुए अराजकतत्वों ने पहले पीलीभीत बाईपास पर जाम लगाया। उसके बाद जत्था निकालने के दौरान तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। बवाल की संभावना टालने के लिए मौके पर मौजूद डीएम और एसएसपी ने फोर्स को लाठीचार्ज करने का निर्देश दे दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। लाठीचार्ज में कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कुछ अराजकतत्वों को भी गिरफ्तार भी किया है। जोगी नवादा क्षेत्र को छावनी बना दिया गया है। मौके पर पुलिस और पीएसी के साथ पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि किसी को भी नई परंपरा नहीं डालने दी जाएगी। साथ ही तीन राउंड आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर करने का काम किया। इसके साथ ही कांवड़ जत्थे के वाहन और डीजे को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल के बीच हालात नियंत्रण में हैं।
जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद थाने से त्योहार रजिस्टर मंगवाकर चेक किया गया, जिसमें विवादित मार्ग कांवड़ियों का परंपरागत मार्ग नहीं पाया गया। लेकिन उसके बाद भी लोग इसी मार्ग से डीजे समेत कांवड़ निकलाने पर अड़े रहे और हुड़दंग करने लगे। जिस पर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया गया। वहीं एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो फुटेज के आधार पर बावालियों की पहचान करके माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। अराजकतत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments