जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। कासंगज में तैनात हेड कांस्टेबल ने नेकपुर स्थित अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका पत्नी से दस साल से विवाद चल रहा था। कोर्ट से सम्मन आया था, जो कि एसआई मंगलवार को लेकर पहुंचे थे। मौके से सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें हेड कांस्टेबल ने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। सुभाषनगर के नेकपुर निवासी संजीव कुमार (35) पुत्र धर्मदास पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल पद पर कासगंज में तैनात थे। वह 2005 बैच के थे। उनकी शादी 2008 में बारादरी के दुर्गानगर निवासी मंजू से हुई थी। उनका पत्नी से दस साल से मुकदमा चल रहा था। उनका एक बच्चा है जो पत्नी के पास है। वह अवकाश पर घर आए हुए थे। कोर्ट से उनका एक सम्मन आया था जो मंगलवार को एसआई लेकर उनके घर पहुंचे थे। आवाज लगाने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो खिलड़ी से झाककर देखा। शव फंदे पर लटका देख सूचना देकर पुलिस टीम को बुलाया गया। दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कमरे में एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें लिखा था कि वह खुद अपनी मौत के जिम्मेदार है। कमरे में जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने एक लॉक लगा मोबाइल बरामद किया। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में सुसाइड की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुसाइड नोट में उसने लिखा मामला पारिवारिक न्यायालय में चल रहा था। भरण पोषण का नोटिस भी आया हुआ था। पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में भी शादी का जिक्र है।
सुसाइड नोट में लिखा है कि मैंने जीवन में बहुत सारी गलतियां की है, सबसे बड़ी गलती शादी करके की है। मौत के लिए मैं ही जिम्मेदार हूं। इसमें किसी का दोष नहीं है। बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल कासगंज जिले में तैनात थे, लेकिन वहां जानकारी करने पर यह स्पष्ट नहीं हो सका। इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान ने बताया कि हेड कांस्टेबल की तैनाती के बारे में जानकारी की जा रही है।

0 Comments