जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। बाल जीवन घुट्टी के डिस्ट्रीब्यूटर ने अपने ही अपहरण का खुद ड्रामा रचकर दो दोस्तों से अपनी बहन को फोन करवाया। उन्होंने बहन से 20 लाख की फिरौती मांगी। इज्जत नगर थाना पुलिस ने चार घंटे में ही घटनाक्रम का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में डिस्ट्रीब्यूटर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

इज्जतनगर क्षेत्र के कर्मचारीनगर के रहने वाले प्रांजल सक्सेना बाल जीवन घुट्टी का स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर है। प्रांजल ने सोमवार रात अपने दोस्त सिद्धार्थ मौर्य और कौशिक चौहान से अपनी बहन जूही सक्सेना को फोन करवाया। कौशिक चौहान ने कहा कि हमने प्रांजल का अपहरण कर लिया है। उसकी जान बचाना चाहती हो तो 20 लाख रुपये दे दो। 

घबरा कर प्रांजल की बहन ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियो से की। इसके बाद सीओ आशीष प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम राघवेंद्र प्रताप सिंह के साथ पुलिस इस नंबर को ट्रेस करने में जुट गई। रात में कई जगह दबिश दी। लोकेशन को ट्रेस कर पुलिस ने प्रांजल, उसके दोस्त सिद्धार्थ कौशिक चौहान को गिरफ्तार कर लिया। 

पूछताछ में पुलिस को बताया कि प्रांजल ने कर्ज के चलते अपने अपहरण का ड्रामा रचा था। उसने बताया कि उसके कर्मचारी विनायक ने मार्केट में काफी माल बांट दिया है। उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था। कंपनी वाले रुपयों का दबाव बना रहे थे। प्रांजल के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मां दिल की मरीज है। इसलिए मां को दुख नहीं देना चाहता था। परेशान होकर उसने अपहरण का ड्रामा किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान किया है।