बरेली। फतेहगंज पूर्वी में एक दूल्हे को अपनी गलत आदतें भारी पड़ गई। विवाह समारोह के दौरान उसकी हरकतों को देखकर दुल्हन भड़क गई। उसने शादी से इनकार कर दिया। इससे बरातियों में खलबली मच गई। लड़की के घरवाले भी हैरान रह गए। फतेहगंज पूर्वी की नई कॉलोनी में गुरुवार रात बरेली से बरात आई थी। बैंड बाजे के साथ बरात की चढ़त हुई। सबकुछ सही चल रहा था। गुरुवार की रात करीब एक बजे जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। स्टेज पर दूल्हे के कदम लड़खड़ाने लगे, यह देखकर दुल्हन हैरान रह गई। 

दुल्हन बनी लड़की को पता चला कि दूल्हे ने शराब पी रखी है। इससे पहले किसी ने दूल्हे का बरात स्थल पर ही सिगरेट पीते वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो भी दुल्हन तक पहुंच गया। दूल्हे की हरकतों को देख दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही। लड़की अपने फैसले पर अडिग रही। कहा कि शराबी लड़के से शादी नहीं करनी है। उसके फैसले से घरवाले भी राजी हो गए। बाद में दूल्हा बरात लेकर वापस चला गया। इधर, लड़की के पिता ने इस संबंध में थाने में सूचना दी। 

बताया जा रहा है कि लड़की के पिता कई साल से बीमार चल रहे हैं। इंटर पास लड़की अपनी मां के साथ एक फैक्टरी में प्राइवेट नौकरी कर घर के खर्च के साथ पिता का भी इलाज करवा रही है। रिश्तेदारों की मदद और कर्ज लेकर शादी की तैयारियां की थीं।