बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव उड़ला जागीर में 25 जनवरी की रात हुई बुजुर्ग महिला अन्नू की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। एसपी सिटी राहुल भाटी के सामने आरोपी पीलीभीत के कोतवाली इलाका निवासी इमरान और उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर की कॉलोनी प्रीत विहार निवासी फैजुल ने हत्या करने की बात स्वीकार की। इमरान ने बताया कि उसके बहनोई महबूब रुद्रपुर में रहते हैं, जो हमेशा उसे और उसकी बहन को बेइज्जत करते रहते हैं। उनसे बदला लेने की खातिर उसने फैजल से मिलकर हत्या की। अन्नू महबूब की रिश्तेदार थीं और कुछ दिन पहले शादी में रुद्रपुर आई थी। तब बहुत सारा जेवर पहने हुए थीं। उन्हें पता लगा कि अन्नू अकेली रहती हैं तो उन्होंने हत्या का प्लान बना लिया। ऐसा करके वह महबूब को भी फंसाना चाहता था।

सोचा था कि हत्या करके माल भी मिल जाएगा और बदला भी पूरा हो जाएगा। जिसके बाद इमरान ने उसी की तरह नशे के आदी अपने भांजे फैजुल को अपने साथ मिला लिया, लेकिन उसे ये नहीं बताया कि वह इस घटना के जरिए उसके पिता महबूब को भी फंसाना चाहता है। 


वहीं प्लानिंग के तहत दोनों मामा-भांजे में पहले 24 जनवरी को उड़ला जागीर आकर रेकी की। फिर उसके बाद 25 जनवरी की रात अपनी रिश्तेदार अन्नो के घर पहुंचे, जहां पहले खाना खाया और फिर रात में गला दबाकर अन्नो की हत्या कर दी। फिर उसके कानों के टॉप्स, नाक की लौंग और टीका आदि लूट लिए। जिसके बाद घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गए। वहीं इमरान ने महिला की हत्या का बाद उसके मोबाइल से सिम कार्ड निकाल लिया था, पीलीभीत जाकर अपनी बहन के मोबाइल में डाल दिया, ताकि पुलिस अपनी जांच में उसके बहनोई पर पूरी घटना का शक जताए। लेकिन पुलिस ने घटना का खुलसा करते हुए दोनों आरोपी मामा-भांजे को गिरफ्तार कर लिया।