बरेली। फरीदपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर शनिवार को मारपीट हो गई। एक यू ट्यूबर युवती ने चिकित्सक और स्टाफ पर मारपीट, अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं अस्पताल के चिकित्सक ने जबरन चंदा मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह मामला डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक तक पहुंच गया है। उन्होंने सीएमओ को जांच के आदेश दिए हैं। 13 मार्च तक इसकी रिपोर्ट तलब की है। फरीदपुर क्षेत्र के गांव कादरगंज निवासी युवती स्तुति पाठक की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक वह यू-ट्यूब चैनल के लिए रिपोर्टिंग करती है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने भाई के साथ सीएचसी पहुंची तो उसने एक महिला को प्रसव पीड़ा से तड़पते देखा। इस पर उसने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम को अवगत कराया। आरोप है कि उसकी बात सुनकर डॉक्टर भड़क गए। उन्होंने अभद्रता करते हुए स्टाफ को बुला लिया। स्टाफ ने उससे मारपीट की। उसके बाल नोंच लिए। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि स्टाफ ने उसके पर्स में रखी माइक आईडी छीन ली। उसके भाई हृदेश से वीडियो कैमरा और मोबाइल छीन लिया। उधर, डॉक्टर अनुराग गौतम का आरोप है कि युवती अपने दो साथियों के साथ बिना इजाजत कमरे में घुस आई और खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए चंदा मांगने लगी। 

जब मैंने बाहर जाने को कहा तो ये लोग अभद्रता करने लगे। डॉक्टर ने भी युवती और उसके साथियों पर बदतमीजी और धक्कामुक्की करने का आरोप लगाया है।थाना दिवस में पहुंचे आईजी रेंज डाॅ. राकेश सिंह से पीड़िता ने मिलकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरी तरफ चिकित्सा अधीक्षक अनुराग गौतम ने भी पुलिस को चंदा मांगने और सरकारी काम में बाधा डालने की तहरीर दी है।पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

महिला द्वारा मारपीट, छेड़छाड़ समेत माइक आईडी छीनने का आरोप निराधार है। अस्पताल स्टॉफ में ऐसा कुछ नहीं किया है। 

अनुराग गौतम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक।

मामला मेरे संज्ञान में है। जांच की जा रही है। दोनो पक्षों को बुलाकर ब्यान लिए जायेंगे। दोषियों पर कार्यवाही होगी। 

डॉक्टर बलवीर सिंह, सीएमओ, बरेली