-पुलिस के नाम पर प्राइवेट वाहन चालको से वसूली करते हैं गुर्गे

-अवैध वसूली के विरोध में आए दिन हो रही मारपीट

पूरनपुर। नगर के सिरसा चौराहे पर मैजिक व बस का अवैध स्टैंड संचालित किया जा रहा हैं।अवैध मैजिक स्टेंड के नाम पर वसूली का धंधा लंबे अरसे से चला रहा है‌। बीते दो माह के अंदर अवैध वसूली को लेकर सिरसा चौराहा चार बार अखाड़ा बन चुका है‌। लगातार मारपीट होने के बाद भी पुलिस संजीदा नहीं है। गुर्गों को रुपए देने के बाद वाहन चालक सवारियों से भी मनमाना किराया वसूल रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट की घटनाएं अमूमन है।

शासन ने सड़कों के किनारे अवैध तरह से संचालित वाहन स्टैंडों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। कुछ माह पूर्व शासन के निर्देश पर पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर हाईवे के किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण व वाहन स्टैंडों को हटाकर सड़कों को पूरी तरह कब्जा मुक्त करा देने का दावा किया था।नगर के सिरसा चौराहे पर शासन की यह सख्ती बेकार साबित हो रही है।चौराहे पर प्राइवेट वाहन चालको ने अवैध तरह से कब्जा कर रखा है। चौराहे के आसपास सड़क के किनारे अवैध तरह से आधा दर्जन से अधिक बुकिंग पॉइंट संचालित हो रहे हैं। इन बुकिंग पॉइंटों पर सवारियों से किराए में कमीशन का खेल किया जाता है।सवारियों से किराए को लेकर इन बुकिंग पॉइंटों पर आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही है।नगर के सिरसा चौराहे से प्राइवेट वाहन पीलीभीत,बरेली, भरतपुर, जयपुर,दिल्ली,पंजाब आदि जगह सवारियां ले जाते हैं।इन वाहनों को हाईवे पर खड़ा करने के एवज में आधा दर्जन दबंगों का एक समूह वाहन चालकों से जबरन वसूली कर रहा है। चर्चा है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते अवैध स्टैंड पर वसूली का खेल चल रहा है।

सड़क पर बना रखे बुकिंग प्वाइंट

प्राइवेट वाहन संचालकों ने हाईवे पर ही काउंटर लगाकर बुकिंग पॉइंट बना रखे हैं। बुकिंग पॉइंट पर आने वाली सवारियों से मनमाना किराया वसूल कर कमीशन का खेल किया जा रहा है। कई बार किराया वसूलने का विरोध करने पर सवारियों के साथ भी मारपीट की जाती है। पार्टी परमिट की आड़ में चल रही बसों से परिवहन विभाग भी पूरी तरह से मुकदर्शक बना हुआ है।

कोतवाली पुलिस के नाम पर चल रहा उगाही का खेल

नगर के सिरसा चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी में चल रहे अवैध वाहन स्टैंड पर लगाम नहीं लग पा रही है। वाहन चालकों का आरोप है कि कुछ गुर्गे कोतवाली पुलिस व ट्रैफिक पुलिस के नाम पर जबरन वसूली कर रहे हैं। हाल ही में बरेली के वाहन चालक द्वारा विरोध करने पर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। पुलिस द्वारा पूरे मामले में लगातार घटना के बाद भी कार्रवाई ना किया जाना संदेहास्पद है।

अवैध अतिक्रमण से आए दिन हो रही दुर्घटनाएं

नगर के व्यस्ततम चौराहों में शुमार रखने वाला सिरसा चौराहा पूरी तरह से अतिक्रमण की जद में है। वाहन चालक मनमाने तरह से सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े कर रहे हैं। इन वाहनों से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों के विरोध करने के बाद भी सड़क पर चल रहे अवैध स्टैंड व चौराहे के आसपास किए गए अतिक्रमण को नहीं हटाया गया।

मारपीट के बाद पुलिस कई बार बंद करा चुकी बुकिंग काउंटर 

वाहन चालकों से वसूली के विरोध में कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने बुकिंग काउंटर व अवैध स्टैंड को बंद कराया था। लेकिन कुछ दिनों बाद वसूली का धंधा फिर से गुलजार हो गया। एक मार्च को वाहन चालक से हुई मारपीट के बाद पुलिस के नाम पर हो रही उगाही की पोल खुल गई। अंदर खाने चर्चा है कि राजनीतिक दबाव के चलते अवैध स्टैंड का संचालन बंद नहीं हो पा रहा है।


सिरसा चौराहे पर वाहनों के अवैध स्टैंड संचालन की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जल्द ही ईओ व उप जिलाधिकारी से वार्ता कर संयुक्त अभियान चलाकर सिरसा चौराहे से अवैध स्टैंड बंद कराया जाएगा। किसी भी हाल में वाहनो के अवैध स्टैंड का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

- ज्योति यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी पूरनपुर