बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की रात तकरीबन दो बजे सड़क हादसा हो गया। मीरगंज फ्लाईओवर पर पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच पुलिसकर्मी पीलीभीत जिले के हैं। पीलीभीत से दारोगा अतर सिंह, हेड कांस्टेबल शादाब, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल विपिन कुमार तथा कांस्टेबल चालक प्रिंस कुमार वज्र वाहन संख्या यूपी 26 G0402 से आरोपित उवैश व नदीम को जिला कारागार पीलीभीत से न्यायालय गुड़गांव हरियाणा में पेश करने के लिए ले गए थे। जहां उनकी कोर्ट में पेशी थी। वहां से पुलिसकर्मी पीलीभीत लौट रहे थे। रात में मीरगंज फ्लाईओवर पर एक ट्रक चालक ने अचानक उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया।
ट्रक से बचाने के प्रयास में पुलिसकर्मी प्रवीण ने गाड़ी मोड़ दी, जो डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दरोगा अतर सिंह, सिपाही शादाब और प्रमोद गौतम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि सिपाही सचिन और प्रवीण को हल्की चोटें आई हैं। मीरगंज पुलिस ने इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मीरगंज पुलिस ने लाइन पीलीभीत तथा एमटी कार्यालय पुलिस लाइन पीलीभीत को सूचना दे दी है। वज्र वाहन को क्रेन से हटवा दिया गया है।

0 Comments