बरेली। जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बलवीर सिंह ने लगभग सुबह 8:30 बजे जिला अस्पताल की ओपीडी समेत कई कमरों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले वह ओपीडी के पर्चा बनाने वाले काउंटर पर पहुंचे। वहां केवल एक कर्मचारी पाकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अन्य लोगों के बारे में पता किया तो कर्मचारी कोई संतुष्ट जबाव नहीं दे पाया। ओपीडी के कमरा नंबर 13 में डॉक्टर उन्हें नदारद मिला। कुछ देर बाद वहां डाक्टर जेपी मौर्या पहुंचे तो उनसे देर से आने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि वह इमरजेंसी में मरीज को देख रहे थे। वहीं उसके बाद कमरा नंबर 12 में डॉक्टर जेबा डेंटल हाइजीनिस्ट शकील ताज और डॉक्टर अवधेश मौजूद मिले। उसके बाद सीएमओ ने कमरे में मौजूद कर्मचारी से स्टाफ के बारे में पूछा तो उसने बताया कि स्टाफ इमरजेंसी में गए हैं। वही सीएमओ को कमरा नंबर 11 में भी कर्मचारी गैरहाजिर मिला पता चला कर्मचारी स्कूल गए हैं। वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ समेत इंजेक्शन रूम का कर्मचारी भी नदारद मिला। सीएमओ ने ओपीडी में ऊपर ईएनटी सर्जन डॉक्टर विजय यादव का कमरा बंद देखकर सीएमएस से उन्हें जल्द आने की हिदायत दी। कमरा नंबर 28 में डॉक्टर संजय मिश्रा मिले। उन्होंने एचआईवी के रोगियों के कार्ड के बारे में पूछताछ की और उन्हें ठीक ढंग से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। वहीं दो अन्य कर्मचारी भी गैरहाजिर मिले। एडीएसआईसी डॉक्टर अलका शर्मा भी निरीक्षण के समय सीएमओ के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने गैरहाजिर कर्मचारियों को समय पर आने और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।