बरेली। बरेली से दिल्ली जयपुर और पंजाब जाने के लिए संचालित हो रही तमाम डग्गामार बसों के टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरह से खरीदे जा सकते हैं। ऑनलाइन टिकट खरीदने के लिए कुछ बस संचालकों ने अपने ऐप तैयार कर रखे हैं तो वही व्हाट्सएप और अन्य वेबसाइटों के जरिए भी सीट की बुकिंग की जाती है। ऑफलाइन टिकट खरीदने के लिए बारादरी थाना क्षेत्र में शाम होते ही सड़क के किनारे काउंटर सजा दिए जाते हैं। जहां से आप टिकट खरीद सकते हैं।

एक ओर परिवहन विभाग दावे करता है की पार्टी परमिट पर चलने वाली बसें फुटकर सवारियां लेकर नहीं जाती। तो वही उनके दावों को खोखला करने के लिए तमाम वेबसाइट और ऐप मौजूद है जिन पर फुटकर टिकटों की बिक्री की जा रही है। जिले से लगभग 100 से अधिक बसों का संचालन जयपुर, दिल्ली और पंजाब के लिए किया जाता है। डग्गामार बसों का संचालन रात्रि आठ बजे के बाद शुरू हो जाता है। सेटेलाइट बस स्टैंड के आसपास आपको दर्जनों डग्गामार बसें खड़ी मिल जाएंगी। वहीं दूसरी ओर बरेली कॉलेज के मानसिक चिकित्सालय वाले गेट के आसपास भी आपको डग्गामार बसें मिल जाएंगी। जनपद के नवाबगंज, हाफिजगंज, रिठौरा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, फतेहगंज पश्चिमी से भी बड़ी संख्या में डग्गामार बसों का संचालन किया जाता है। डग्गामार बस संचालकों के गुर्गे आपको सेटेलाइट बस स्टैंड के आसपास घूमते हुए मिल जाएगे। जो वहां से सवारियों को इकट्ठा कर कर डग्गामार बसों ले जाते हैं। डग्गामार बस संचालकों के गुर्गे यात्रियों को सरकारी बसों की अपेक्षा इन डग्गामार बसों में अतिरिक्त सुविधाएं मुहैया कराने की भी बात करते हैं। जहां एक और परिवहन विभाग दावे करता है की डग्गामार बसों पर लगातार हम कार्रवाई कर रहे हैं तो वही धरातल पर विभाग के दावे खोखले साबित होते नजर आते हैं।