बरेली। माफिया अतीक के भाई अशरफ मामले में बनाई गई एसआईटी (विशेष जांच दल) के साथ एसएसपी ने शनिवार को जिला जेल में छापा मारा। उन्होंने दूसरे की आईडी से मुलाकात करने पहुंचे एक युवक को पकड़ लिया। उसे बिथरी थाने ले जाया गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे एसएसपी अखिलेश चौरसिया जिला जेल पहुंचे।
इससे पहले एसपी सिटी राहुल भाटी के नेतृत्व में एसआईटी ने जिला जेल (केंद्रीय जेल-2) में जाकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जेल के प्रमुख प्वाइंट पर तैनात और शक के दायरे में आए स्टाफ से पूछताछ की गई। उन्होंने वहां मौजूद जेल अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई। यहां पुलिस अधिकारियों को डीआईजी जेल आरएन पांडेय भी मिले जो विभागीय जांच करने आए थे। एसएसपी ने जिला जेल के गेट पर अपने परिचित बंदियों से मुलाकात की कोशिश में लगे लोगों से पूछताछ की। उन्होंने इन लोगों की आईडी चेक की तो एक युवक की आईडी चेहरे से अलग मिली। पूछताछ में वह घबरा गया। उसने बताया कि उसका भाई जेल में बंद है। वह उससे मिलने आया था। यहां पता लगा कि मिलने वाले का आधारकार्ड लगाना है। उसके पास आधार नहीं था तो उसने अपने रिश्तेदार के आधार को लगा दिया। मामला संदिग्ध पाए जाने पर बिथरी चैनपुर पुलिस उसे थाने ले गई। शाम चार बजे के बाद पुलिस अधिकारी वहां से चले आए।
इससे पहले, उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है। सद्दाम और लल्ला गद्दी की तलाश में पुलिस ने बारादरी, किला, प्रेमनगर क्षेत्र में दबिश दी। लल्ला के दो करीबियों को हिरासत में ले लिया गया। अशरफ से जेल में ज्यादा बार मुलाकात करने वाले नौ लोग ट्रेस हुए हैं। इनमें सात शहर के और दो पीलीभीत के निवासी हैं।
प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड के तार बरेली जेल में बंद अशरफ से जुड़े मिले हैं। इस मामले को लेकर बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है और जेल के आरक्षी समेत चार लोगों को जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद पुलिस और एजेंसियों का मुख्य लक्ष्य अशरफ के साले सद्दाम की गिरफ्तारी है।
सद्दाम 26 दिसंबर के बाद से बरेली नहीं आया, पर उसके गुर्गे लगातार अशरफ से मिलकर सूचनाओं का आदान-प्रदान करते रहे। इसमें बारादरी क्षेत्र का निवासी लल्ला गद्दी भी शामिल है। सद्दाम और लल्ला गद्दी की तलाश में पुलिस से लेकर एसटीएफ और अन्य एजेंसियां भी जुटी हैं।
50 लोगों की सूची तैयार
सद्दाम और लल्ला का तो सुराग नहीं लगा, पर इनके दो गुर्गे पकड़ में आ गए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। ये दोनों जेल में जाकर अशरफ से मुलाकात करते थे। एजेंसियों ने सर्विलांस रिकॉर्ड के आधार पर 50 लोगों की सूची तैयार की है। इनमें से नौ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने बार-बार अशरफ से मुलाकात की। पहली कार्रवाई में इसी तरह के लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। इनमें एक पूर्व मंत्री की बेटी भी है जो सद्दाम की प्रेमिका है और खुशबू एन्क्लेव में उसकी पत्नी के तौर पर आती-जाती थी।

0 Comments